Betel Leaf Farming: खेती से अच्छी कमाई करने के लिए किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ दूसरी नकदी फसलों की ओर भी बढ़ रहे हैं. पान की खेती भी ऐसा ही एक विकल्प है. इसका इस्तेमाल पूजा-पाठ से लेकर खाने तक में किया जाता है. बाजार में पान के पत्तों की मांग बनी रहती है, लेकिन इसकी खेती गेहूं या धान जैसी आसान नहीं होती.
दरअसल, पान की बेल को तेज धूप, ठंड और बारिश से बचाना पड़ता है. इसके लिए खेत में खास तरह का छायादार ढांचा तैयार किया जाता है, जिसे बरेजा कहते हैं. अगर किसान के पास पानी और बाजार की सुविधा है, तो वह इस खेती से अच्छी कमाई कर सकता है.
पान की खेती के लिए कैसी होनी चाहिए जमीन?
पान की बेल को नम और छायादार जगह पसंद होती है. इसकी अच्छी बढ़वार के लिए ऐसी जमीन चुननी चाहिए, जहां पानी जमा न हो और मिट्टी में नमी बनी रहे. बलुई दोमट मिट्टी इसके लिए अच्छी मानी जाती है. पान की खेती में सालभर सिंचाई की व्यवस्था होना भी जरूरी है. बिहार जैसे इलाकों में तेज गर्मी और ठंड से फसल को बचाने के लिए बांस और घास-फूस से बरेजा बनाया जाता है. इसकी छत और चारों तरफ की दीवारें बेल को मौसम की मार से बचाती हैं.
ऐसे लगाई जाती है पान की बेल
पान की खेती बीज के बजाय बेल की छोटी कलम से की जाती है. इसके लिए स्वस्थ बेल से करीब 15 सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा काटा जाता है. उसमें 3 से 5 गांठें और स्वस्थ पत्तियां होनी चाहिए. रोपाई से पहले इन कलमों का सही उपचार करना जरूरी है, ताकि बीमारियों का खतरा कम रहे. बिहार में उत्तर के इलाकों में बंगला और दक्षिणी हिस्सों में मगही पान की खेती की जाती है. आमतौर पर रोपाई जून से जुलाई के बीच होती है, हालांकि इलाके के हिसाब से समय बदल सकता है.
यह भी पढ़ें: अश्वगंधा, शतावरी और सफेद मूसली में किसकी मांग ज्यादा, कैसे करें इनकी खेती?
सिंचाई और देखभाल में न करें लापरवाही
पान की बेल को हल्की सिंचाई की जरूरत होती है. गर्मी में बार-बार पानी देना पड़ सकता है, जबकि सर्दियों में सिंचाई का अंतर बढ़ाया जा सकता है. ध्यान रखें कि खेत में पानी जमा न हो, क्योंकि इससे जड़ें खराब हो सकती हैं. बेल बढ़ने लगे तो उसे बांस की पतली लकड़ी का सहारा देकर ऊपर चढ़ाएं. समय-समय पर खरपतवार हटाएं और जैविक खाद डालें. पान के साथ परवल, पालक, लौकी और तोरई जैसी कुछ सब्जियां भी उगाई जा सकती हैं, जिससे अतिरिक्त आमदनी का रास्ता बन सकता है.
पान की खेती में कितना खर्च और मुनाफा?
पान की खेती में बरेजा बनाने, बेल खरीदने, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च आता है. एक बीघा में इसकी खेती पर करीब 50 हजार रुपये खर्च हो सकते हैं और अच्छी फसल मिलने पर लगभग 1 लाख रुपये तक मुनाफा हो सकता है. हालांकि, मौसम, पत्तों के भाव, उत्पादन और मंडी तक पहुंचने की सुविधा से कमाई बदल सकती है.
यह भी पढ़ें: चने की बुआई में हो गई है देरी? ये 7 किस्में कम समय में देंगी अच्छी पैदावार




