HomeUncategorizedसहारनपुर की दो मुस्लिम बहनों के निकाह का कार्ड वायरल: दूल्हों के...

सहारनपुर की दो मुस्लिम बहनों के निकाह का कार्ड वायरल: दूल्हों के नाम से विवाद, गार्डन मालिक को धमकी – saharanpur gangoh nikah card groom hindu names threat wedding security lcln


उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह में दो बहनों के निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. कार्ड में दूल्हों के नाम हिंदू होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. परिवार का कहना है कि दोनों दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं, लेकिन उनके यहां कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है. बहनों का आरोप है कि कार्ड वायरल होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी का कार्यक्रम कराने पर गार्डन मालिक को धमकी दी है. दोनों बहनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है.

दोनों बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना है. इसके लिए गंगोह के मोहल्ला मोहम्मद गौरी में बड़े कब्रिस्तान के पास एक गार्डन बुक कराया गया है. विवाद के बाद शादी की तैयारियों पर असर पड़ने की बात परिवार ने कही है.

कार्ड वायरल होने के बाद शुरू हुआ विवाद

मोहल्ला अनारकली निवासी दोनों सगी बहनों के भाई मोहम्मद शकील ने बताया कि सोशल मीडिया पर निकाह का कार्ड वायरल हो रहा है. कार्ड में दूल्हों के नाम हिंदू होने के कारण लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. शकील के मुताबिक, दोनों दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं. उनके परिवार में पहले से ही इस तरह के नाम रखने की परंपरा है.

बड़ी बहन सलमा ने बताया कि वह अपनी मर्जी और माता-पिता की सहमति से शादी कर रही हैं. उनका आरोप है कि किसी व्यक्ति ने गार्डन मालिक को फोन कर धमकी दी कि यदि उसने शादी समारोह कराया तो हिंदू संगठन के लोगों को बुलाकर हंगामा करवाया जाएगा.

सलमा के मुताबिक, इस धमकी के बाद गार्डन मालिक भी कार्यक्रम कराने से पीछे हट रहा है. इससे निकाह की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं.

मां ने कहा- पुरानी रिश्तेदारी में हो रही हैं शादियां

दुल्हनों की मां सुल्तान ने बताया कि जिन परिवारों में उनकी बेटियों की शादी तय हुई है, उनसे पुरानी रिश्तेदारी है. दोनों परिवार मुस्लिम हैं और उनकी सहमति से ही निकाह तय किया गया है.

उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी भी पहले इसी परिवार में हुई है. वहां इसी तरह के नाम रखे जाते हैं. परिवार ने गार्डन मालिक को धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है.

बहनों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है. उन्होंने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने और 12 नवंबर को निकाह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.

इस मामले में CO शैलेंद्र प्रताप गौतम ने फोन पर बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है. मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. फोन कॉल और धमकी के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है. परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी बेटियों का निकाह बिना किसी बाधा के संपन्न कराया जाए.

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular