कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को अपने संगठन के विस्तार के तहत 10 राज्यों और क्षेत्रों में जोनल प्रभारियों की नियुक्ति की और राज्य व क्षेत्रीय समन्वय समितियों का गठन किया.
क्षितिज पगार को वेस्ट जोन का प्रभारी और डॉ. विवेक सांगवान को नॉर्थ जोन का प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को नॉर्थ जोन समन्वय समिति का सदस्य बनाया गया है.
पार्टी ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लिए भी समन्वय समितियों का गठन किया है. उत्तर प्रदेश की समिति में 16 सदस्य, महाराष्ट्र में 15, झारखंड में 14, पूर्वोत्तर में 14, बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा में 6, राजस्थान में 5, उत्तराखंड में 6 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्य हैं. एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, ये समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों के बीच समन्वय करेंगी और जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने के लिए काम करेंगी.
मई में ऑनलाइन पहल के तौर पर सामने आई थी CJP
CJP इस साल मई में एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन पहल के रूप में सामने आई थी. यह पहल भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की उस टिप्पणी के बाद शुरू हुई थी, जिसमें उन्होंने बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहा था. इसके संस्थापक अभिजीत दिपके हैं. बाद में यह संगठन युवाओं के नेतृत्व वाले एक मंच के रूप में विकसित हुआ, जो बेरोजगारी और परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करता है.
NEET-UG पेपर लीक को लेकर 36 दिन किया आंदोलन
CJP ने NEET-UG पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक आंदोलन किया था. संगठन ने जवाबदेही तय करने और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी. धर्मेंद्र प्रधान ने 25 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद संगठन ने मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) समेत दूसरे मुद्दे भी उठाए. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. संगठन ने मतदाता सूची में संशोधन की इस प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित INDIA ब्लॉक की रैली को भी समर्थन दिया था.
—- समाप्त —-




