HomeUncategorizedटेम्पो-ट्रेवलर की लापरवाही से 24 ने गंवाई जान! पुलिस जांच में खुलासे-...

टेम्पो-ट्रेवलर की लापरवाही से 24 ने गंवाई जान! पुलिस जांच में खुलासे- बहुत तेज थी स्पीड, 12 चालान भी पेंडिंग – Assam Kaziranga road accident bus truck collision death toll injury Golaghat ntc agkp


असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. गोलाघाट जिले के रंगाजन में टेम्पो-ट्रेवलर और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं. कई मृतक कॉलेज स्टूडेंट्स थे, जो अपनी क्लास खत्म करके लौट रहे थे.

हादसा कोहोरा रेंज के हाथीकुली टी एस्टेट के पास नेशनल हाईवे-715 पर हुआ. टेम्पो-ट्रेवलर गोलाघाट से नगांव जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की ओर बढ़ रहा था. गोलाघाट जिला प्रशासन के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने बताया कि डॉक्टरों ने अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि की है. मृतकों की पहचान की जा रही है. उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

20 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा गया

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 9 एंबुलेंस लगाई गईं.

घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल लोगों को बोकाखाट, गोलाघाट और जोरहाट के अस्पतालों में भेजा गया. एक अधिकारी ने बताया कि 20 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट रेफर किया गया है.

तेज रफ्तार की वजह से हादसा होने की आशंका

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, काजीरंगा नेशनल पार्क के पास वाहनों की रफ्तार को लेकर पाबंदियां हैं. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि टेम्पो-ट्रेवलर काफी तेज रफ्तार से चल रही थी और संभव है कि ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया हो. इसके बाद टेम्पो-ट्रेवलर कंटेनर ट्रक से टकरा गई.

हालांकि, हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जाएगी. जिला प्रशासन यह भी जांच करेगा कि क्या किसी वाहन ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया था. इसमें तय क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाने और स्पीड लिमिट पार करने जैसे पहलुओं की जांच शामिल है.

मंत्री अतुल बोरा मौके पर पहुंचे

असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा, जो स्थानीय विधायक भी हैं, हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे. वह राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे थे.

गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेेका ने बताया कि सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर पहुंच गए थे. हादसे के समय टेम्पो-ट्रेवलर में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई थी.

CM हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि काजीरंगा में हुए इस दर्दनाक हादसे से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.

सरमा ने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता घायलों को बिना देरी के बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा मौके पर मौजूद हैं और राहत व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.

रात में की जाएगी शवों की पोस्टमार्टम जांच

गोलाघाट के अतिरिक्त जिला आयुक्त जिंटू बोरा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम रात में गोलाघाट के शहीद कुशल कोंवर सिविल अस्पताल में कराया जाएगा. इसके लिए अस्पताल में विशेष लाइट की व्यवस्था की जा रही है.

यह भी पढ़ें: असम के काजीरंगा में बड़ा हादसा, 24 लोगों की मौत, ट्रक में जा घुसा टेम्पो-ट्रैवलर

प्रशासन हादसे के कारणों और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की जांच करेगा.

वाहन के नाम पर 12 चालान, ₹38,500 का जुर्माना भरा; ₹4,000 अभी बकाया

वाहन के ट्रैफिक चालान का रिकॉर्ड भी सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रैवलर गाड़ी के नाम पर कुल 12 चालान थे, जिनका ₹38,500 का जुर्माना भरा जा चुका है. वहीं, ₹4,000 का एक और चालान अभी बकाया है.

बताया जा रहा है कि असम में कमर्शियल वाहन से ओवरस्पीडिंग करने पर ₹4,000 का जुर्माना लागू है.

काजीरंगा हादसे पर राजनाथ सिंह ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

असम के काजीरंगा में हुए दर्दनाक हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

राजनाथ सिंह ने लिखा, “काजीरंगा में हुए दुखद हादसे से बेहद दुखी हूं. इस घटना में कीमती जानें जाने की खबर दिल तोड़ने वाली है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. अपनों को खोने का दर्द कम करने के लिए शब्द काफी नहीं हैं. ईश्वर उन्हें इस मुश्किल समय से उबरने की शक्ति दे. हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular