चीन ने सरोगेसी को लेकर अपना रुख और सख्त कर दिया है. सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में सरोगेसी कराना ही नहीं, बल्कि इससे जुड़ी व्यवस्था करना भी आपराधिक मामला होगा. ऐसे मामलों में शामिल लोगों को कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के प्रवक्ता यांग जिनरुई ने शुक्रवार को यह चेतावनी दी.
सरकारी मीडिया के मुताबिक, यांग ने कहा कि चीन में सरोगेसी के हर रूप पर रोक है. इसके लिए किसी तरह की व्यवस्था करना नैतिक मानकों का उल्लंघन है और कानून के तहत इस पर सख्त सजा दी जाएगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि सरोगेसी के नाम पर किए गए समझौतों को कानून का संरक्षण नहीं मिलेगा. ऐसे समझौतों में शामिल लोगों की भी कानूनी जवाबदेही तय की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: अब जेनसन हुआंग के तीसरे अफेयर का खुलासा, एलिस के चीनी जासूस होने पर बंटी अमेरिकी एजेंसियां
अवैध क्लीनिक पर कार्रवाई के बाद सख्ती
सरकार का यह बयान मध्य चीन के हुनान प्रांत की राजधानी चांग्शा में अवैध तरीके से असिस्टेड रिप्रोडक्टिव सर्विस देने वाली सुविधाओं की खबरों के बाद आया है. सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, इन अवैध गतिविधियों की जांच के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया गया. साथ ही, इन प्रक्रियाओं में इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी जब्त की गईं.
चीन ने साल 2001 में ही सरोगेसी पर प्रतिबंध लगा दिया था. इसके तहत मेडिकल संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को किसी भी तरह की सरोगेसी तकनीक अपनाने से रोक दिया गया था. अब सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: जेनसेन हुआंग का NVIDIA के सभी पदों से इस्तीफा, चीन की ‘जासूस’ से अफेयर पर बवाल के बीच ऐलान
महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों पर खतरा
चीन का राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग सरोगेसी को महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के लिए गंभीर खतरा मानता है. आयोग के मुताबिक, इस प्रक्रिया में महिलाओं के शरीर को एक वस्तु की तरह देखा जाता है और उन्हें सिर्फ बच्चा पैदा करने के साधन तक सीमित कर दिया जाता है. इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है.
आयोग ने यह भी कहा है कि बिना नियमों के होने वाली सरोगेसी में गर्भावस्था से जुड़ी मुश्किलों और असुरक्षित मेडिकल प्रक्रियाओं का खतरा रहता है. इसी आधार पर चीन सरकार लंबे समय से इस पर प्रतिबंध का समर्थन करती रही है.
—- समाप्त —-




