HomeकृषिSugarcane Farming: गन्ने की खेती के लिए मुफ्त बीज, खेत तक पहुंचाने...

Sugarcane Farming: गन्ने की खेती के लिए मुफ्त बीज, खेत तक पहुंचाने का खर्च भी देगी सरकार


Sugarcane Seed Subsidy: बिहार में गन्ने की खेती करने की योजना बना रहे किसानों के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को मुफ्त बीज दे रही है. खास बात यह है कि, किसानों को सिर्फ बीज ही मुफ्त नहीं मिलेगा, बल्कि उसे खेत तक पहुंचाने का खर्च भी सरकार ही उठाएगी. 

इसका मतलब है कि, किसानों को बीज लाने के लिए गाड़ी का किराया या मजदूरी भी नहीं देनी होगी. इस योजना का फायदा लेने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख भी बढ़ा दी गई है. अब किसान 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

25 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

बिहार सरकार ने मुफ्त गन्ना बीज वितरण योजना के तहत आवेदन की तारीख आगे बढ़ा दी है. पहले आवेदन की आखिरी तारीख कुछ और थी, लेकिन अब किसानों को 25 नवंबर तक मौका दिया गया है. इच्छुक किसान केन केयर पोर्टल (Cane Care Portal) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस योजना के तहत किसानों को अच्छी पैदावार देने वाली उन्नत और रोगमुक्त किस्मों के बीज दिए जाएंगे. इससे किसानों को अच्छी क्वालिटी का बीज खरीदने पर होने वाला खर्च बचाने में मदद मिलेगी.

बीज को खेत तक पहुंचाने का खर्च भी सरकार देगी

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि किसानों को बीज लाने के लिए अलग से पैसे खर्च नहीं करने होंगे. सरकार की ओर से बीजों को गाड़ी में लोड करने, उतारने और किसानों के खेत तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी. इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी.
Sugarcane Farming: गन्ने की खेती के लिए मुफ्त बीज, खेत तक पहुंचाने का खर्च भी देगी सरकार

यह भी पढ़ें: बासमती चावल में आएगी ज्यादा खुशबू, बस बोते वक्त डाल दें ये एक चीज

इन गांवों के किसान उठा सकते हैं फायदा

गन्ना बीज वितरण योजना को चीनी मिल वाले और बिना चीनी मिल वाले, दोनों तरह के इलाकों में लागू किया गया है. चीनी मिल वाले क्षेत्रों में ऐसे गांवों के किसान आवेदन कर सकते हैं, जहां अभी गन्ने की खेती नहीं होती है या इसका रकबा पांच एकड़ या उससे कम है. ऐसे गांवों को केन केयर पोर्टल पर ‘गन्ना मुक्त गांव’ के रूप में दर्ज किया गया है.

इन गांवों में अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों के साथ बटाईदार भी आवेदन कर सकते हैं. वहीं, जिन इलाकों में कोई चीनी मिल चालू नहीं है, वहां के सभी किसान इस योजना का फायदा लेने के लिए पात्र हैं. इसमें अपनी जमीन वाले और बटाई पर खेती करने वाले किसान, दोनों शामिल हैं.

कम से कम इतनी जमीन होना जरूरी

  • योजना का लाभ लेने के लिए किसानों के पास कम से कम 0.25 एकड़ जमीन होनी चाहिए. 
  • वहीं, अधिकतम 2.5 एकड़ जमीन पर गन्ने की खेती के लिए मुफ्त बीज दिया जाएगा. 

गन्ना उद्योग विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और 25 नवंबर तक केन केयर पोर्टल पर आवेदन पूरा कर लें. इससे उन्हें मुफ्त बीज के साथ खेत तक उसकी ढुलाई की सुविधा का भी फायदा मिल सकेगा.

यह भी पढ़ें: पाले से फसल बचाने के लिए कब करें सिंचाई? जानें सही समय



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular