Amazon Rainforest Farming: अमेजन के घने जंगलों के बारे तो आप जानते ही होंगे. इसे दुनिया के सबसे बड़े जंगलों में गिना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं यहां खेती भी की जाती है? आमतौर पर लोगों को लगता है कि, इतने घने जंगल में खेती करना मुश्किल होगा, लेकिन यहां रहने वाले लोग सदियों से जंगल में खेती करते आ रहे हैं.
अमेजन के घने जंगलों में किसान अनाज के साथ-साथ फल, मसाले और कई तरह के काम आने वाले पौधे की खेती करते हैं. खास बात यह है कि यहां खेती करने का तरीका आम खेतों से काफी अलग है.
अमेजन के जंगल में कौन-कौन सी फसलें उगाई जाती हैं?
अमेजन के जंगल में रहने वाले किसान अपनी जरूरत और वहां के मौसम के हिसाब से अलग-अलग फसलें उगाते हैं. यहां कसावा की खेती काफी आम है. यह जमीन के अंदर उगने वाली जड़ वाली फसल है, जिससे आटा और कई तरह के खाने बनाए जाते हैं. इसके अलावा मक्का, शकरकंद, केला, बीन्स, कद्दू और अनानास भी यहां उगाए जाते हैं.
यहां पपीता, आम, नींबू और गर्म मौसम में उगने वाले दूसरे फल भी मिलते हैं. कुछ इलाकों में कोको, कॉफी और गुआयूसा के पौधे भी उगाए जाते हैं. कोको से चॉकलेट बनती है, जबकि कॉफी और गुआयूसा से पीने वाली चीजें तैयार की जाती हैं. इन फसलों से स्थानीय परिवारों को खाने-पीने की चीजें मिलती हैं और वे इन्हें बेचकर कमाई भी करते हैं.
यहां खेती करने का तरीका है थोड़ा अलग
अमेजन के जंगल में खेती करने का एक खास तरीका अपनाया जाता है, जिसे एग्रोफॉरेस्ट्री यानी पेड़ों के साथ खेती करना कहते हैं. इसमें किसान एक ही जगह पर कई तरह के पौधे लगाते हैं. बड़े पेड़ों के नीचे केले, फलदार पौधे और दूसरी फसलें उगाई जाती हैं. इससे पौधों को छाया मिलती है और जमीन भी खुली धूप और तेज बारिश से कुछ हद तक बची रहती है.
इस तरीके में खेती और जंगल दोनों को साथ लेकर चलने की कोशिश होती है. कई जगह किसान छोटे-छोटे खेतों में फसल उगाते हैं और कुछ साल बाद उस जमीन को आराम के लिए छोड़ देते हैं, ताकि वहां दोबारा पेड़-पौधे उग सकें. इसके बाद दूसरी जगह खेती की जाती है.
यह भी पढ़ें: सरकारी मंडी में बेचना चाहते हैं फसल, कैसे कराएं पंजीकरण?
घने जंगल में खेती करना आसान नहीं
अमेजन में खेती के सामने कई चुनौतियां भी हैं. यहां पूरे साल बारिश होती है और कई जगह मिट्टी में पोषक तत्व कम होते हैं. तेज बारिश के कारण मिट्टी के जरूरी पोषक तत्व बह भी जाते हैं. इसलिए यहां के किसानों को फसल और जमीन का खास ध्यान रखना पड़ता है.
जंगल बचाते हुए होती है खेती
अमेजन में खेती करने का तरीका वहां रहने वाले आदिवासी समुदायों की पुरानी जानकारी पर टिका है. उन्हें अच्छी तरह पता होता है कि कौन-सा पौधा किस जगह पर उग सकता है और किस मौसम में कौन-सी फसल लगानी चाहिए. इस तरीके से उन्हें खाने के लिए अनाज और फल मिलते हैं. साथ ही, फसल और पौधों को बेचकर वे कमाई भी करते हैं. इससे जंगल के पेड़ों और दूसरे पौधों को बचाए रखने में भी मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: घर पर ऐसे लगाएं गेंदे का हाइब्रिड पौधा, 20 दिन में दिखने लगेंगे फूल




