HomeUncategorizedगोकुल डेयरी के चेयरमैन पद पर महायुति का कब्जा, NCP नेता राजेश...

गोकुल डेयरी के चेयरमैन पद पर महायुति का कब्जा, NCP नेता राजेश पाटील ने तीन वोटों से चुनाव जीता – kolhapur gokul dairy election ncp rajesh patil wins chairman post ntc apdy


महाराष्ट्र में कोल्हापुर की गोकुल डेयरी के चेयरमैन पद का विवादित चुनाव मंगलवार को हुआ. सत्तारूढ़ महायुति के उम्मीदवार और NCP नेता व पूर्व विधायक राजेश पाटील ने 29 में से 16 वोट हासिल कर चुनाव जीत लिया. बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद धनंजय महाडिक ने इसकी जानकारी दी. उनके प्रतिद्वंद्वी राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी के शशिकांत चुएकर को 13 वोट मिले.

गोकुल डेयरी के चुनाव को लेकर पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद चल रहा था. विपक्ष ने बीजेपी के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने चार अतिरिक्त निदेशकों को वोट देने का अधिकार देकर सहकारी लोकतंत्र को कमजोर किया है. पिछले महीने कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के चुनाव में कांग्रेस MLC सतेज पाटील के समर्थन वाले पैनल ने 13-12 से जीत दर्ज की थी. इसके बाद सरकार ने चार नामित निदेशकों को वोटिंग का अधिकार दिया था.

गोकुल डेयरी का सालाना कारोबार 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है. इसी वजह से चेयरमैन का चुनाव सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया था. बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को सरकार के उस अध्यादेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके तहत चार नामित निदेशकों को वोटिंग का अधिकार दिया गया था. हालांकि, औरंगाबाद बेंच ने कहा था कि चारों नामित निदेशक चुनाव में हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन उनके वोट अलग बैलेट बॉक्स में रखे जाएं. इस फैसले के बीच विपक्षी नेताओं और डेयरी किसानों ने कोल्हापुर में बड़ा प्रदर्शन किया था. उन्होंने सरकार पर ‘सहकारी लोकतंत्र पर सीधा हमला’ करने का आरोप लगाया था.

निदेशकों के साथ मिलकर काम करेंगे

चुनाव जीतने के बाद राजेश पाटील ने कहा कि वह अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान 25 निर्वाचित निदेशकों, चार सरकार द्वारा नामित निदेशकों और दो सह-नियुक्त निदेशकों के साथ मिलकर काम करेंगे. उन्होंने दूध उत्पादकों, सहकारी संस्था और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने की बात कही. पाटील ने कहा कि उनका फोकस पिछले एक साल में सहकारी संस्था को हुए नुकसान की भरपाई करने पर रहेगा. उन्होंने विपक्ष से राजनीतिक मतभेद अलग रखकर साथ काम करने की अपील भी की. पाटील ने बताया कि सहकारी संस्था की वार्षिक आम बैठक अगले महीने होगी

धनंजय महाडिक ने कहा कि पहले साल के लिए NCP नेता को चेयरमैन बनाने का फैसला आम सहमति से हुआ है. अगले साल की व्यवस्था पर चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि 12 निदेशकों के बैठकों से दूर रहने के कारण गतिरोध की स्थिति बन गई थी. इससे जरूरी कोरम पूरा नहीं होने पर संस्था में प्रशासक नियुक्त किए जाने की संभावना थी. महाडिक ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मदद से चार अतिरिक्त निदेशकों की नियुक्ति कर इस समस्या का समाधान किया गया.

जीत की बधाई

राज्य के मेडिकल एजुकेशन मंत्री हसन मुश्रीफ ने राजेश पाटील को जीत की बधाई दी. NCP नेता पाटील ने भी चार नामित निदेशकों की नियुक्ति का बचाव करते हुए कहा कि इससे कोरम को लेकर बना गतिरोध खत्म करने में मदद मिली.

वहीं, चुनाव में हारने वाले शशिकांत चुएकर ने दावा किया कि उन्हें 25 निर्वाचित निदेशकों में से 13 का समर्थन मिला था. उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश पाटील ने लोकतांत्रिक तरीके से नहीं, बल्कि दबाव और ताकत के इस्तेमाल से चेयरमैन का चुनाव जीता.

महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटील ने कहा कि इस जीत के बाद पिछले 15 दिनों से महायुति गठबंधन और उसके नेताओं पर लगाए जा रहे आरोप खत्म हो जाएंगे. उन्होंने कांग्रेस नेता सतेज पाटील पर भी निशाना साधा और कहा कि ‘बंटी पाटील’ के नाम से पहचाने जाने वाले सतेज पाटील महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन उनमें इस पद के लिए जरूरी परिपक्वता नहीं थी.

सतेज पाटील ने सोमवार को आरोप लगाया था कि चार नामित निदेशकों को वोटिंग का अधिकार देने का फैसला चंद्रकांत पाटील और हसन मुश्रीफ की साजिश थी. इसके जवाब में चंद्रकांत पाटील ने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल का जिक्र किया और कांग्रेस नेता से लोकतंत्र की बात करने पर सवाल उठाया.

चंद्रकांत पाटील ने दावा किया कि आपातकाल के दौरान करीब 20 लाख लोगों को जेल में डाला गया था. उन्होंने कहा कि उनकी पूर्व पत्नी के परिवार के चार सदस्य, जिनमें उनके माता-पिता और भाई-बहन शामिल थे, 19 महीने तक जेल में रहे. उन्होंने बताया कि उस समय उनकी पत्नी कक्षा 8 में पढ़ती थीं और उन्हें परिवार की दुकान चलाने के साथ जेल गए लोगों के परिवारों तक खाना पहुंचाना पड़ता था.

बीजेपी नेता ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने विपक्ष पर जनता के जनादेश की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उस समय उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और NCP ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई थी.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सतेज पाटील ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर शिवसेना और NCP के साथ हाथ मिलाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की थी और ऐसा नहीं होने पर 40 विधायकों के अलग होने की बात कही थी. चंद्रकांत पाटील ने सतेज पाटील को अपनी संपत्ति घोषित करने और यह बताने की चुनौती भी दी कि उन्होंने इसे कैसे हासिल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास स्थानीय समर्थन की कमी थी, इसलिए गोकुल चुनाव के लिए परभणी और बीड से लोगों को लाया गया.

देवेंद्र फडणवीस ने दिया था बयान

इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि वह गोकुल सहकारी संस्था के साथ खड़े हैं, किसी व्यक्ति के साथ नहीं. उन्होंने कहा कि दोनों प्रतिद्वंद्वी गुट अपने दम पर जरूरी कोरम पूरा करने या चेयरमैन चुनने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए सरकार ने अतिरिक्त निदेशकों को नामित किया. फडणवीस ने कहा कि अगर सरकार का संस्था पर नियंत्रण करने का इरादा होता तो चुनाव के तुरंत बाद ही ऐसा किया जा सकता था. 

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular