घर में लहसुन उगाने के लिए बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं है. आप 8 से 10 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग ले सकते हैं. ध्यान रखें कि, उसके नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर हों. एक लंबे गमले में कई कलियां भी लगा सकते हैं.
लहसुन के लिए ऐसी मिट्टी चाहिए जिसमें पानी जमा न हो और जड़ों को अच्छी हवा मिलती रहे. इसके लिए 50 प्रतिशत सामान्य मिट्टी, 30 प्रतिशत पुरानी गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट और 20 प्रतिशत रेत मिलाकर गमले में भरें. इससे मिट्टी हल्की और उपजाऊ बनी रहेगी.
लहसुन लगाने के लिए बाजार से अच्छी क्वालिटी का बड़ा और स्वस्थ लहसुन लें. उसकी कलियों को अलग कर लें, लेकिन ऊपर का पतला छिलका न उतारें. ध्यान रखें कि कलियां सड़ी हुई या खराब न हों. बड़ी कलियों से आमतौर पर अच्छे आकार का लहसुन तैयार होता है.
अब तैयार गमले की मिट्टी में करीब 2 से 3 इंच गहरा गड्ढा बनाएं. लहसुन की कली का नुकीला हिस्सा ऊपर और जड़ वाला हिस्सा नीचे रखें. एक कली से दूसरी कली के बीच करीब 3 से 4 इंच की दूरी रखें. इसके बाद ऊपर से हल्की मिट्टी डालकर पानी छिड़क दें.
लहसुन के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना 5 से 6 घंटे धूप आती हो. मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. जब मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी लगे, तभी पानी दें. पानी जमा होने से कलियां सड़ सकती हैं.
लहसुन की फसल आमतौर पर 4 से 6 महीने में तैयार हो जाती है. जब पौधों की पत्तियां पीली होकर सूखने लगें और नीचे झुक जाएं, तो समझें कि लहसुन की गांठें तैयार हो रही हैं. इस समय पानी देना बंद कर दें और कुछ दिन बाद मिट्टी को हल्का हटाकर गांठें निकाल लें. खुदाई के बाद लहसुन को कुछ दिनों तक छायादार और हवादार जगह पर सुखाएं.
Published at : 02 Nov 2026 01:26 PM (IST)
Tags :




