Matsya Kisan Samridhi Yojana: मछली पालन का काम करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है. अब मछलियों को नुकसान होने पर मत्स्य पालकों को आर्थिक मदद मिल सकती है. इसके लिए सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत एक्वाकल्चर इंश्योरेंस यानी मछली पालन का बीमा कराने की सुविधा दी जा रही है.
इसकी सबसे खास बात यह है कि, बीमा कराने के लिए चुकाए जाने वाले प्रीमियम पर सरकार 40 फीसदी सब्सिडी भी देगी. इससे मछली पालकों को बीमा कराने में कम पैसा खर्च करना पड़ेगा और नुकसान होने पर आर्थिक सहारा मिल सकेगा.
मछली पालन का बीमा कराने पर मिलेगी मदद
मछली पालन में कई तरह के जोखिम रहते हैं. कभी मछलियों में बीमारी फैल जाती है तो कभी पानी की खराब स्थिति या दूसरी वजहों से मछलियों को नुकसान हो जाता है. ऐसे में मत्स्य पालकों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसी परेशानी को कम करने के लिए योजना के तहत बीमा की सुविधा दी जा रही है. बीमा पॉलिसी की शर्तों के अनुसार नुकसान होने पर बीमा कंपनी से भरपाई मिल सकती है. हालांकि, हर तरह के नुकसान पर पैसा मिलेगा या नहीं, यह बीमा पॉलिसी में तय शर्तों पर निर्भर करेगा.
बीमा प्रीमियम पर मिलेगी 40 फीसदी सब्सिडी
- इस योजना में बीमा कराने के खर्च का पूरा बोझ मत्स्य पालकों को नहीं उठाना होगा.
- बीमा प्रीमियम की रकम पर सरकार 40 फीसदी सब्सिडी देगी.
उदाहरण के तौर पर, अगर एक हेक्टेयर में मछली पालन का बीमा कराने का खर्च करीब 25 हजार रुपये आता है तो इस पर 40 फीसदी यानी 10 हजार रुपये की सरकारी मदद बनती है. इस हिसाब से मत्स्य पालक को करीब 15 हजार रुपये देने होंगे.
यह भी पढ़ें: मछली पालकों को मिलेंगे 50 हजार रुपये, मछुआरों के लिए भी बड़ा ऐलान
कैसे कराएं मछली पालन का बीमा?
योजना का फायदा लेने के लिए सबसे पहले मत्स्य पालकों को नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी NFDP पर अपना पंजीकरण कराना होगा. जिन लोगों का पहले से रजिस्ट्रेशन है, वे अपने खाते में लॉगिन करके एक्वाकल्चर इंश्योरेंस का विकल्प चुन सकते हैं. आवेदन के दौरान यह जानकारी देनी होगी कि कितने क्षेत्र में मछली पालन किया जा रहा है और तालाब में किस प्रजाति की मछलियां पाली जा रही हैं. इसके बाद बीमा कंपनी की वेबसाइट पर जाकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
आवेदन के लिए कौन-से दस्तावेज जरूरी?
बीमा के लिए आवेदन करते समय आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, तालाब की तस्वीरें और उससे जुड़े जमीन के दस्तावेज देने होंगे. अगर किसान अपने निजी तालाब में मछली पालन कर रहा है तो जमीन की खतौनी मांगी जा सकती है. वहीं, पट्टे पर लिए गए तालाब के लिए पट्टे से जुड़े कागजात देने होंगे. आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें और बीमा पॉलिसी की शर्तें ध्यान से पढ़ें. इससे बाद में बीमा क्लेम के समय परेशानी नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: क्या KCC से पशुपालन और मछली पालन के लिए भी मिलता है कर्ज, जानें नियम




