Machhli Palan: अगर आप भी खेती के साथ कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं तो, मछली पालन शुरू कर सकते हैं. ये किसनों के लिए कमाई का नया रास्त बन सकता है. इसके लिए बहुत बड़े तालाब की जरूरत नहीं होती. किसान इसके लिए गांव में मौजूद तालाब या पानी जमा रहने वाली जगह का भी सही तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं.
मीठे पानी में रोहू, कतला और सिंघारा जैसी मछलियों की मांग रहती है. लेकिन अच्छी पैदावार के लिए सिर्फ तालाब में मछली के बच्चे डाल देना काफी नहीं है. तालाब की तैयारी से लेकर मछलियों के खाने और पानी की देखभाल तक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना पड़ता है.
मछली पालन के लिए कैसा होना चाहिए तालाब?
मछली पालन शुरू करने से पहले तालाब की गहराई और पानी रुकने की व्यवस्था देख लें. तालाब में सालभर या लंबे समय तक पानी रहने की सुविधा होनी चाहिए. मछली डालने से पहले तालाब से बेकार घास, काई और दूसरी अनचाही चीजें हटा दें. अगर तालाब में पहले से छोटी या शिकारी मछलियां मौजूद हैं, तो उन्हें भी निकालना जरूरी है.
रोहू और कतला के साथ पाल सकते हैं दूसरी मछलियां
मीठे पानी के तालाब में किसान रोहू, कतला और मृगल जैसी मछलियों को एक साथ पाल सकते हैं. इन मछलियों की खास बात यह है कि ये तालाब में अलग-अलग जगह से अपना खाना खाती हैं. कतला पानी के ऊपर से, रोहू बीच के हिस्से से और मृगल तालाब की तली से खाना खाती है. इससे तालाब में मौजूद खाने का अच्छी तरह इस्तेमाल हो जाता है.
वहीं, सिंघारा यानी सिंघल मछली को पालने का तरीका थोड़ा अलग है. यह दूसरी छोटी मछलियों को खा सकती है. इसलिए इसे रोहू और कतला के साथ एक ही तालाब में डालने से पहले सही जानकारी जरूर लें. इसके पालन का तरीका और दूसरी मछलियों के साथ इसे रखने के बारे में मत्स्य विभाग से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: कौन सी मछली देती है सबसे ज्यादा मुनाफा, जानें पालने की लागत
मछलियों के बच्चों का चुनाव कैसे करें?
तालाब में हमेशा स्वस्थ और अच्छी क्वालिटी के मछली बीज यानी बच्चे ही डालें. इसके लिए भरोसेमंद सरकारी हैचरी या रजिस्टर्ड विक्रेता से बीज खरीदें. बीज का आकार भी एक जैसा रखने की कोशिश करें, ताकि बड़ी मछलियां छोटी मछलियों को नुकसान न पहुंचाएं. कितने बच्चे डालने हैं, यह तालाब के आकार, पानी की गहराई और देखभाल की सुविधा पर निर्भर करता है.
चारे और पानी का रखें पूरा ध्यान
मछलियों को उनकी जरूरत के हिसाब से संतुलित चारा दें. चावल की भूसी और सरसों की खली का मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसकी मात्रा मछलियों के वजन और तालाब की स्थिति के अनुसार तय होनी चाहिए. जरूरत से ज्यादा चारा डालने से पानी खराब हो सकता है. समय-समय पर पानी का रंग, गंध और मछलियों की हलचल देखते रहें.
कब करें मछलियों की बिक्री?
मछलियों की बढ़वार और बाजार की मांग के हिसाब से उनकी बिक्री की जा सकती है. तालाब में मछलियों की जांच करते रहें और जरूरत के अनुसार कुछ मछलियां निकालकर बेचें. इससे किसान को आमदनी मिलती रहती है.
यह भी पढ़ें: मछली पालकों को सरकार दे रही 40% सब्सिडी, ऐसे कराएं तालाब का बीमा




