खेती में फसल को कीड़ों और बीमारियों से बचाना किसानों के लिए बड़ी चुनौती होती है. कई बार कीड़े लगने पर किसान तुरंत कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर देते हैं. इससे फसल पर होने वाला खर्च बढ़ता है और दवाओं का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मिट्टी और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाता है. लेकिन कुछ ऐसे तरीके भी हैं, जिनकी मदद से फसल को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है. इन तरीकों में खेत में कीड़ों को पकड़ने वाले जाल लगाना, मित्र कीटों का इस्तेमाल करना और फसल बदल-बदलकर बोना शामिल है. अगर किसान समय पर इन बातों का ध्यान रखें तो कीड़ों का असर कम किया जा सकता है.
खेत में लगाएं फेरोमोन ट्रैप
फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीड़ों से बचाने के लिए किसान फेरोमोन ट्रैप का इस्तेमाल कर सकते हैं. यह एक खास तरह का जाल होता है, जिसमें कीड़ों को आकर्षित करने वाली गंध लगाई जाती है. इसकी गंध से नर कीट जाल की तरफ आते हैं और उसमें फंस जाते हैं. इससे उनकी संख्या बढ़ने पर रोक लगाने में मदद मिलती है. खास बात यह है कि इसके लिए फसल पर दवा का छिड़काव करने की जरूरत नहीं पड़ती. किसान अपनी फसल में लगने वाले कीट के हिसाब से सही ट्रैप चुनें और उसे खेत में सही जगह पर लगाएं.
यह भी पढ़ें : Buffalo Milk: ज्यादा दूध देने लगेगी आपकी भैंस, अपनाएं ये नेचुरल तरीके, खर्च भी बेहद कम
मित्र कीट और फफूंद का लें सहारा
हर कीड़ा फसल को नुकसान नहीं पहुंचाता. कुछ कीट और फफूंद ऐसे भी होते हैं, जो नुकसान पहुंचाने वाले कीड़ों को खत्म करने में मदद करते हैं. इन्हें मित्र कीट और मित्र फफूंद कहा जाता है. जैसे ब्यूवेरिया बासियाना नाम की एक खास फफूंद कुछ हानिकारक कीड़ों पर असर करता है. इसका इस्तेमाल सही तरीके से करने पर फसल में कीड़ों की संख्या कम करने में मदद मिलती है. इसके साथ ही खेत में गेंदा, तुलसी, लहसुन और प्याज जैसी पौधों को मुख्य फसल के साथ लगाने से भी कुछ कीटों को दूर रखने में मदद मिलती है.
फसल बदलकर बोएं और खेत की निगरानी करें
अगर किसान हर साल एक ही खेत में एक ही फसल उगाते हैं तो कुछ कीड़ों और बीमारियों का असर बढ़ता है. इससे बचने के लिए फसल चक्र अपनाना अच्छा तरीका है. यानी एक फसल के बाद अगली बार दूसरी तरह की फसल बोएं. इससे मिट्टी की सेहत बनी रहती है और कुछ कीड़ों का बढ़ना भी रुकता है. इसके साथ ही खेत की रोजाना निगरानी करें. अगर पौधों पर शुरुआती दौर में कीड़े या उनके अंडे दिखाई दें तो उन्हें हाथ से हटाकर खत्म कर दें. खेत में गोबर की सड़ी खाद, वर्मी कंपोस्ट और हरी खाद का इस्तेमाल भी मिट्टी को बेहतर बनाने में मदद करता है.
यह भी पढ़ें : Winter Crop Care: पाले से फसल बचाने के लिए कब करें सिंचाई? जानें सही समय




