देश में कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर अब लंदन में प्रदर्शन की तैयारी है. यूट्यूबर ध्रुव राठी ने शनिवार को ब्रिटेन की राजधानी लंदन में संसद चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लंदन में मौजूद लोगों से दोपहर 12 बजे प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की. राठी ने कहा कि अब इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने का समय आ गया है.
राठी ने की प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
ध्रुव राठी ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वह लंदन पहुंच गए हैं. उन्होंने लिखा, “अगर आप यहां हैं, तो शनिवार दोपहर 12 बजे संसद चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने होने वाले प्रदर्शन में शामिल हों.”
I’ve just reached London It’s time the world sees the reality of vote chor and murderer of democracy. International danka bajane ka time aa gaya hai Join the protest tomorrow in front of Mahatma Gandhi’s statue in parliament square at 12pm if you’re here Jai Hind 🇮🇳
— Dhruv Rathee (@dhruv_rathee) October 16, 2026
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “अंतरराष्ट्रीय डंका बजाने का समय आ गया है.” राठी ने अपनी पोस्ट का समापन “जय हिंद” के साथ किया.
सीजेपी के प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए थे राठी
ध्रुव राठी का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब पिछले सप्ताह उन्हें हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-56 में उनके आवास से दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था. समाचार एजेंसी पीटीआई की अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले की गई थी. राठी को शनिवार देर रात रिहा कर दिया गया था.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को राजधानी में जुटने से रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए थे. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और जरूरी प्रक्रियाओं का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद जंतर-मंतर पहुंचने वाले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे.
सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था. पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 से जुड़े बदलावों पर सवाल उठाए थे.
सीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि भी की थी. पार्टी ने आरोप लगाया था कि सरकार उन युवाओं से डरती है, जो चुप रहने को तैयार नहीं हैं.
प्रदर्शन के चलते कनॉट प्लेस बाजार बंद रखने का फैसला
पिछले सप्ताह प्रस्तावित प्रदर्शन का असर दिल्ली के कारोबारी क्षेत्र कनॉट प्लेस पर भी पड़ा था. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने शनिवार को कनॉट प्लेस बाजार बंद रखने की घोषणा की थी.
एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने बताया था कि सप्ताहांत में इस व्यावसायिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग आते हैं. ऐसे में सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया था.
यह भी पढ़िएः ‘कहां हैं, कोई अपडेट नहीं…’, दीपके की हिरासत पर बोली CJP, पुलिस पर किडनैपिंग का आरोप




