HomeकृषिMung Farming: घर में कैसे लगाएं मूंग का पौधा? सालभर मिलेगा सेहत...

Mung Farming: घर में कैसे लगाएं मूंग का पौधा? सालभर मिलेगा सेहत का खजाना


Moong Ki Kheti: मूंग की दाल तो लगभग हर घर में बनती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप इसे अपने घर में भी आसानी से उगा सकते हैं? इसके लिए आपको न तो बड़े खेत की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा जगह की. घर की छत, बालकनी या आंगन में रखे गमले में भी मूंग का पौधा आसानी से तैयार किया जा सकता है. इससे आपको घर पर ही ताजी मूंग की फलियां और बीज मिल सकते हैं. 

इसके साथ ही मूंग के दानों से अंकुरित मूंग भी तैयार की जा सकती है, जिसे लोग सलाद और नाश्ते में खाते हैं. इसी कड़ी में आइए जानते हैं कि घर में मूंग उगाने का आसान तरीका क्या है.

मूंग उगाने के लिए कैसा हो गमला और मिट्टी?

सबसे पहले एक ऐसा गमला चुनें, जिसमें पानी निकलने के लिए नीचे छेद हो. आप चाहें तो प्लास्टिक की बाल्टी, ग्रो बैग या किसी बड़े डिब्बे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि बर्तन में पानी जमा नहीं होना चाहिए, वरना पौधे की जड़ें खराब हो सकती हैं.

मिट्टी तैयार करने के लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट मिला लें. मिट्टी ऐसी होनी चाहिए, जिसमें पानी आसानी से निकल जाए और जड़ों तक हवा पहुंचती रहे.

कैसे करें मूंग के बीजों की बुवाई?

  • मूंग के बीज किसी भरोसेमंद दुकान से लें. 
  • घर में बोने के लिए साफ और अच्छे बीज चुनें. 
  • गमले की मिट्टी में करीब 2 से 3 सेंटीमीटर गहरे छोटे-छोटे गड्ढे बनाएं. 
  • इनमें बीज डालकर ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. 
  • पौधों के बीच थोड़ी दूरी रखें, ताकि उन्हें बढ़ने के लिए जगह मिल सके. 
  • बुवाई के बाद हल्का पानी छिड़क दें. 
  • मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन ज्यादा पानी डालने से बचें.

Mung Farming: घर में कैसे लगाएं मूंग का पौधा? सालभर मिलेगा सेहत का खजाना

यह भी पढ़ें: 25 हजार खर्च, 1 लाख तक कमाई! जानें धान की इस किस्म की खासियत

धूप और पानी का रखें खास ध्यान

मूंग के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना पर्याप्त सीधी धूप मिल सके. पौधे को नियमित रूप से पानी दें. गर्मी के दिनों में मिट्टी जल्दी सूख सकती है, इसलिए रोज उसकी नमी जांचें. हालांकि, मिट्टी को जरूरत से ज्यादा गीला न रखें. पौधे की पत्तियों पर पीले धब्बे, कीड़े या सूखने के लक्षण दिखाई दें तो ध्यान से जांच करें. खराब पत्तियों को हटा दें और जरूरत पड़ने पर कृषि विशेषज्ञ से सलाह लें.

कितने दिन में तैयार होगी मूंग की फसल?

मूंग की फसल आमतौर पर किस्म और मौसम के हिसाब से करीब 60 से 90 दिनों में पककर तैयार हो सकती है. कुछ किस्मों में पहली फलियां 50 से 60 दिन में मिलने लगती हैं. फलियां पकने पर उनकी तुड़ाई की जा सकती है. 

अगर आप लंबे समय तक घर में ताजी मूंग चाहते हैं, तो सभी बीज एक साथ बोने के बजाय कुछ-कुछ दिनों के अंतर पर बुवाई कर सकते हैं. इससे अलग-अलग समय पर पौधे तैयार होंगे. इसके अलावा, सूखी मूंग से दाल और अंकुरित मूंग भी बनाई जा सकती है. इस तरह थोड़ी-सी जगह में उगाई गई मूंग आपके खाने में ताजगी और पौष्टिकता जोड़ सकती है.

यह भी पढ़ें: खेती के यंत्र खरीदने पर मिलेगी 80% तक सब्सिडी, 30 नवंबर तक करें आवेदन



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular