HomeकृषिFish Farming: कौन सी मछली देती है सबसे ज्यादा मुनाफा, जानें पालने...

Fish Farming: कौन सी मछली देती है सबसे ज्यादा मुनाफा, जानें पालने की लागत


Fish Farming Business: खेती के साथ मछली पालन भी किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है. इससे किसान अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं और साथ ही खेती पर निर्भरता भी कम कर सकते हैं. लेकिन मछली पालन शुरू करते समय मन में सबसे पहले यहीं सवाल आता है कि, आखिर कौन सी मछली पालें, जिससे खर्च कम हो और कमाई अच्छी हो. 

दरअसल, हर मछली से एक जैसा मुनाफा नहीं मिलता. कुछ मछलियां काफी तेजी से बढ़ती हैं, तो कुछ मछलियों की बाजार में मांग ज्यादा रहती है. इसके अलावा दाने, मछली के बच्चे, तालाब की देखभाल और पानी का खर्च भी कमाई पर असर डालता है.

पंगास मछली से हो सकती है अच्छी कमाई

पंगास मछली तेजी से बढ़ने वाली मछलियों में गिनी जाती है. सही देखभाल और अच्छा दाना मिलने पर यह कम समय में बिक्री के लायक हो सकती है. इसकी खेती में ज्यादा उत्पादन लेने की गुंजाइश रहती है. इसी वजह से कई किसान इसे पालने में दिलचस्पी दिखाते हैं. हालांकि, इसमें दाने और तालाब की देखभाल पर अच्छा खर्च करना पड़ता है. साथ ही पहले यह पता करना जरूरी है कि आपके आसपास इसके खरीदार और बाजार मौजूद हैं या नहीं.

रोहू और कतला भी हैं अच्छे विकल्प

जो किसान सामान्य तालाब में मछली पालन करना चाहते हैं, वे रोहू और कतला जैसी मछलियों पर दांव लगा सकते हैं. इनकी पहचान और बाजार में मांग पहले से है. कई जगहों पर लोग इन्हें खाना पसंद करते हैं, इसलिए बेचने में आसानी हो सकती है. इनके साथ मृगल जैसी मछली भी पाली जाती है. तालाब में अलग-अलग तरह की मछलियां रखने से पानी की अलग-अलग परतों का इस्तेमाल हो पाता है. इसे मिश्रित मछली पालन कहा जाता है.

यह भी पढ़ें: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका

तिलापिया मछली पालने से पहले जानें नियम

तिलापिया भी तेजी से बढ़ने वाली मछली है. लेकिन इसे पालने से पहले इसके पालन से जुड़े सरकारी नियम और सही किस्म की जानकारी जरूर लें. मछली के बच्चों की गुणवत्ता, तालाब में पानी और दाने का सही इंतजाम होना जरूरी है. बिना तैयारी के मछली डालने से नुकसान हो सकता है.

मछली पालन में कितनी आती है लागत?

मछली पालन का खर्च तालाब के आकार, मछली की किस्म और उत्पादन के तरीके पर निर्भर करता है. नाबार्ड के 2025-26 के एक अनुमान के मुताबिक, एक हेक्टेयर में पंगास मछली पालन के लिए करीब 5.68 लाख रुपये और रोहू-कतला जैसी मछलियों के मिश्रित पालन के लिए करीब 8.29 लाख रुपये की इकाई लागत बताई गई है. 

मुनाफा बढ़ाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

  •  मछली पालन शुरू करने से पहले बाजार में मछली की मांग और कीमत का पता जरूर करें.
  • तालाब में मछलियों की संख्या पानी और जगह के हिसाब से ही रखें.
  •  मछलियों को समय पर और सही मात्रा में अच्छा चारा दें.
  •  तालाब के पानी की साफ-सफाई और गुणवत्ता का ध्यान रखें.
  •  मछलियों को बीमारी से बचाने के लिए समय-समय पर जांच कराएं.
  •  मछलियों को सही समय पर बेचें, ताकि अच्छी कीमत मिल सके.

यह भी पढ़ें: मछली पालकों को सरकार दे रही 40% सब्सिडी, ऐसे कराएं तालाब का बीमा



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular