Jagannath Temple Mystery: ओडिशा के पुरी में स्थित जगन्नाथ मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है. इसे हिंदू धर्म के चार धामों में से एक माना जाता है. भगवान जगन्नाथ को समर्पित इस मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं. मंदिर की भव्यता और यहां निभाई जाने वाली परंपराएं तो लोगों को आकर्षित करती ही हैं, लेकिन इससे जुड़ी कुछ मान्यताएं ऐसी भी हैं, जिनके बारे में जानकर लोग हैरान रह जाते हैं. इन्हीं में एक मान्यता मंदिर के ऊपर से पक्षियों और विमानों के न गुजरने की है.
आखिर पुरी के जगन्नाथ मंदिर के ऊपर ऐसा क्या है, जिसकी वजह से पक्षी और विमान वहां से उड़ान नहीं भरते? क्या इसके पीछे भगवान जगन्नाथ की कोई दैवीय शक्ति मानी जाती है या फिर इसके पीछे कोई वैज्ञानिक वजह है? आइए, जानते हैं.
क्या है इसके पीछे का रहस्य?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान जगन्नाथ को भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है. भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ हैं. ऐसी मान्यता है कि गरुड़ देव मंदिर की रक्षा करते हैं. इसी वजह से भक्तों का मानना है कि कोई दूसरा पक्षी मंदिर के ऊपर से नहीं उड़ता.
मंदिर के शिखर पर लगा नीलचक्र भी इस रहस्य से जुड़ा हुआ है. यह आठ धातुओं से बना एक पवित्र चक्र है. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इसमें अद्भुत दैवीय शक्ति मौजूद है. कुछ लोग इसे पक्षियों और विमानों के मंदिर के ऊपर से न गुजरने की वजह भी मानते हैं.
जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी एक और दिलचस्प मान्यता समुद्र की आवाज को लेकर है. कहा जाता है कि मंदिर के सिंहद्वार से अंदर कदम रखते ही समुद्र की लहरों की आवाज सुनाई देना बंद हो जाती है. धार्मिक मान्यताओं में इसका संबंध हनुमान जी से जोड़ा जाता है. मान्यता है कि हनुमान जी समुद्र की तेज लहरों और उनकी आवाज से मंदिर की रक्षा करते हैं.
क्या कहता है विज्ञान?
वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो जगन्नाथ मंदिर की बनावट और समुद्र के नजदीक इसकी मौजूदगी को इस मान्यता से जोड़कर देखा जाता है. कुछ लोगों का मानना है कि मंदिर के आसपास हवा का बहाव अलग हो सकता है, जिससे पक्षियों को वहां उड़ने में परेशानी होती है. हालांकि, इस दावे का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है.
विमानों के मंदिर के ऊपर से न गुजरने को लेकर भी कई तरह की बातें कही जाती हैं. इसके पीछे पुरी के हवाई यातायात और विमानों के तय उड़ान मार्ग को एक वजह माना जाता है. वहीं, कुछ लोगों का दावा है कि मंदिर के शिखर पर मौजूद नीलचक्र की वजह से विमानों के संचार तंत्र पर असर पड़ सकता है. हालांकि, इस दावे की भी कोई प्रमाणित वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है.
मंदिर से जुड़ी एक और चर्चा समुद्र की लहरों की आवाज को लेकर है. कहा जाता है कि मंदिर के अंदर प्रवेश करते ही समुद्र की आवाज सुनाई देना बंद हो जाती है. इसके पीछे वैज्ञानिक कारण मंदिर की मोटी दीवारों और उसकी विशेष बनावट को माना जाता है. दीवारों और संरचना के कारण बाहर की आवाज अंदर तक कम पहुंचती है.
इस तरह पुरी के जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी कई बातें आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं. कुछ लोग इन बातों को भगवान जगन्नाथ की शक्ति से जोड़कर देखते हैं, तो कुछ इनके पीछे की वजह विज्ञान में तलाशते हैं. यही कारण है कि जगन्नाथ मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ कई अनोखी बातों के लिए भी जाना जाता है.
—- समाप्त —-




