पशु की उम्र दांत देखकर पहचानें: गाय या भैंस खरीदते समय सबसे पहले उसके दांत देखें. करीब एक साल की उम्र में दूध के दांत होते हैं, दो साल में दो स्थायी दांत और ढाई से तीन साल में चार स्थायी दांत दिखाई देने लगते हैं. इससे पशु की उम्र का अंदाजा लगाने में मदद मिलती है.
कम उम्र के पशु को दें प्राथमिकता: दूध का कारोबार शुरू करने के लिए कम उम्र की गाय या भैंस खरीदना फायदेमंद हो सकता है. ऐसे पशु से लंबे समय तक दूध उत्पादन की उम्मीद रहती है. हालांकि, उम्र के साथ उसकी सेहत और दूध देने की क्षमता भी जांचें.
थन की बनावट जरूर देखें: दुधारू गाय या भैंस खरीदते समय उसके थन पर खास ध्यान दें. थन अच्छी तरह फैला हुआ हो और चारों थन सामान्य स्थिति में हों. थन में सूजन, गांठ या किसी तरह की परेशानी दिखाई दे तो पशु चिकित्सक से जांच करवाएं.
पैर और चाल की जांच करें: पशु के पिछले दोनों पैर मजबूत, गठीले और चौड़े होने चाहिए. खरीदने से पहले उसे थोड़ा चलाकर भी देखें. अगर पशु ठीक से चल नहीं पा रहा है या उसके पैरों में परेशानी दिख रही है तो खरीदने में जल्दबाजी न करें.
आंखों से भी पहचानें सेहत: पशु की आंखें साफ और चमकदार होनी चाहिए. आंखों के अंदरूनी हिस्से में असामान्य पीलापन या बहुत ज्यादा सफेदी दिखे तो खून की कमी या दूसरी स्वास्थ्य समस्या हो सकती है. ऐसे में खरीदने से पहले डॉक्टर से जांच कराएं.
खुद दूध निकलवाकर करें जांच: बेचने वाले के इस दावे पर भरोसा न करें कि पशु कितना दूध देता है. खरीदने से पहले अपने सामने गाय या भैंस का दूध निकलवाकर देखें. जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की मदद लें, ताकि गलत पशु खरीदने से होने वाले नुकसान से बच सकें.
Published at : 10 Nov 2026 05:32 PM (IST)
Tags :




