HomeUncategorized15 साल की तान्वी ने यूथ ओलंपिक बैडमिंटन में रचा इतिहास, सिल्वर...

15 साल की तान्वी ने यूथ ओलंपिक बैडमिंटन में रचा इतिहास, सिल्वर जीतने वाली बनीं पहली भारतीय महिला – tanvi patri first indian woman youth olympics badminton silver medal ntc dhrj


15 साल की तान्वी पत्री यूथ ओलंपिक में बैडमिंटन का सिल्वर जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं. ओडिशा की इस खिलाड़ी ने फाइनल में गोल्ड के लिए आखिरी दम तक मुकाबला किया. वह एक समय 10-19 से पीछे थीं, लेकिन लगातार अंक जुटाकर मैच में लौट आईं. तान्वी ने पांच मैच पॉइंट बचाए, फिर खुद गोल्ड जीतने के तीन मौके बनाए. हालांकि, वह इनका फायदा नहीं उठा सकीं. चीन की झांग यी शिन ने 26-24 से आखिरी गेम जीतकर गोल्ड अपने नाम कर लिया.

सेनेगल की राजधानी डकार में गुरुवार को खेले गए फाइनल में तान्वी ने पहला गेम 21-15 से जीता था. दूसरे गेम में झांग ने वापसी की और 21-13 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबर कर दिया. इसके बाद तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. आखिरी गेम का स्कोर 26-24 रहा. इस तरह तान्वी को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.

पांच मैच पॉइंट बचाकर भी गोल्ड से चूकीं तान्वी

फाइनल का आखिरी गेम तान्वी के लिए आसान नहीं था. झांग ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी. ब्रेक तक वह 11-7 से आगे थीं. इसके बाद चीनी खिलाड़ी ने स्कोर 19-10 कर दिया. ऐसा लग रहा था कि झांग आसानी से गोल्ड जीत लेंगी, लेकिन तान्वी ने हार नहीं मानी.

उन्होंने लगातार अंक जुटाए और स्कोर का अंतर कम कर दिया. झांग को मिले पांच मैच पॉइंट भी तान्वी ने बचा लिए. इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए खुद तीन मैच पॉइंट हासिल कर लिए. अब गोल्ड उनसे सिर्फ एक जीत दूर था, लेकिन वह तीनों मौकों को भुना नहीं सकीं. झांग ने लगातार अंक हासिल किए और 26-24 से गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया.

फाइनल तक पहुंचने का सफर भी रहा शानदार

तान्वी ने दकार में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी. ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में उन्होंने मेक्सिको की सारा गोंजालेज को 21-8, 21-12 से हराया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की स्मृति अडेपु को 21-4, 21-12 से मात दी. दक्षिण कोरिया की जियोंग यू जांग को हराकर उन्होंने नॉकआउट राउंड में जगह बनाई.

क्वार्टर फाइनल में तान्वी का सामना थाईलैंड की कुंगकाएव कनानिक से हुआ. भारतीय खिलाड़ी ने यह मुकाबला 21-17, 21-13 से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. इसके साथ ही वह यूथ ओलंपिक बैडमिंटन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं.
 

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular