समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की रिहाई का इंतजार बढ़ गया है. इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बावजूद उनका रिलीज ऑर्डर अभी तक डासना जेल नहीं पहुंचा है. जेल प्रशासन के मुताबिक, अगर शाम 4:30 बजे तक रिहाई का आदेश पहुंच जाता है तो आजम खान शाम 7 बजे के बाद जेल से बाहर आ सकते हैं. अगर आदेश 4:30 बजे के बाद पहुंचा तो उनकी रिहाई अगले दिन होगी.
आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीन फातिमा ने उन्हें जमानत मिलने पर खुशी जताई है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट का धन्यवाद करते हुए इसे इंसाफ की जीत बताया. साथ ही 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी की ओर से की गई गिरफ्तारी को मानवता और कानून के खिलाफ बताते हुए ‘जुल्म की इंतहा’ करार दिया.
यह भी पढ़ें: आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ED पहुंची सुप्रीम कोर्ट, स्टे की मांग
‘रामपुर में खुशी का माहौल’
मीडिया से बातचीत में तंजीन फातिमा ने कहा कि रामपुर में बहुत खुशी का माहौल है. आजम खान से रामपुर के लोग ही नहीं, बल्कि बाहर के लोग भी मोहब्बत करते हैं और उनकी रिहाई के लिए लगातार दुआएं कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मस्जिदों और मंदिरों में भी आजम खान के लिए दुआएं की जा रही हैं. उनके मुताबिक, आजम खान के साथ हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग हैं. ईडी की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “ईडी का रवैया बहुत ही जालिमाना था. चाहे वह दबाव में हो, यह तो मैं नहीं जानती.”
अखिलेश यादव को बताया परिवार का करीबी
आजम खान की रिहाई की तैयारियों के सवाल पर तंजीन फातिमा ने कहा कि वह घर से बाहर नहीं निकल रही हैं. मिठाई बांटने और जश्न के माहौल पर उन्होंने कहा कि पिछले 7-8 साल से उनके परिवार पर लगातार जुल्म हो रहा है. इसके विरोध में जनता के दिलों में भी गुस्सा है.
यह भी पढ़ें: सपा नेता आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी राहत, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत
अखिलेश यादव की तरफ से अदालत का धन्यवाद किए जाने पर उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके साथ पारिवारिक संबंध भी हैं. उन्होंने हमेशा उनके परिवार की मदद की है.
—- समाप्त —-




