How To Start Wool Farming: खेती-किसानी के साथ कमाई बढ़ाने के लिए पशुपालन भी अच्छा विकल्प हो सकता है. अगर आप कम खर्च में कोई नया बिजने, शुरू करना चाहते हैं, तो ऊन फार्मिंग यानी भेड़ पालन कर सकते हैं. भेड़ों से मिलने वाली ऊन का इस्तेमाल गर्म कपड़े, कंबल और कालीन बनाने में होता है.
इसके अलावा भेड़ों से मांस और खेतों के लिए खाद भी मिलती है. यानी एक ही काम से कमाई के कई रास्ते खुल सकते हैं. हालांकि, इसके लिए शुरुआत से ही कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा.
सबसे पहले चुनें सही नस्ल की भेड़
ऊन फार्मिंग शुरू करने से पहले ऐसी नस्ल की भेड़ चुनें, जिससे अच्छी मात्रा में ऊन मिल सके और जो आपके इलाके के मौसम में आसानी से रह सके. भारत में मेरिनो क्रॉस, बीकानेरी, चोकला, मारवाड़ी और नाली जैसी नस्लें ऊन उत्पादन के लिए पाली जाती हैं. अलग-अलग नस्लों से मिलने वाली ऊन की मात्रा और उसकी क्वालिटी अलग हो सकती है. इसलिए भेड़ खरीदने से पहले अपने इलाके के पशुपालन विभाग या कृषि विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
भेड़ों के रहने के लिए बनाएं साफ जगह
भेड़ों को रखने के लिए ऐसी जगह चुनें जहां हवा आती-जाती रहे और बारिश का पानी जमा न हो. उनके रहने की जगह सूखी और साफ होनी चाहिए. फर्श ऐसा रखें कि पानी आसानी से बाहर निकल सके. ठंड, बारिश और तेज गर्मी से बचाने के लिए शेड की व्यवस्था करें. साथ ही, बीमार भेड़ों को दूसरी भेड़ों से अलग रखने की जगह भी बनाएं.
चारे और पानी का रखें ध्यान
भेड़ों का ज्यादातर खाना घास, हरा चारा और सूखा चारा होता है. इसके अलावा जरूरत के हिसाब से उन्हें अनाज और संतुलित दाना भी दिया जा सकता है. गर्भवती और दूध पिलाने वाली भेड़ों को खास पोषण की जरूरत होती है. साफ पानी हर समय उपलब्ध रखें. भेड़ों को चराने के लिए आसपास के खाली मैदान या खेतों के किनारे की जगह का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे चारे पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: 1,790 लीटर तक दूध दे सकती है ये भैंस, जानें इसकी खासियत
समय पर करें ऊन की कटाई
भेड़ों के शरीर पर बढ़ने वाली ऊन को समय-समय पर काटना जरूरी होता है. आमतौर पर साल में एक या दो बार ऊन की कटाई की जाती है, लेकिन यह नस्ल और मौसम पर निर्भर करता है. कटाई के समय ध्यान रखें कि भेड़ को चोट न लगे. ऊन काटने के बाद उसे साफ और सूखी जगह पर रखें. अच्छी क्वालिटी की ऊन को बाजार में बेहतर दाम मिल सकते हैं.
बीमारी और साफ-सफाई का रखें ध्यान
- भेड़ों को समय पर टीका लगवाएं और पशु चिकित्सक की सलाह से पेट के कीड़ों की दवा दें.
- उनके रहने की जगह की नियमित सफाई करें.
- अगर कोई भेड़ खाना कम कर दे या बीमार लगे, तो उसे डॉक्टर को दिखाएं.
- इससे दूसरी भेड़ों में बीमारी फैलने का खतरा कम होता है.
यह भी पढ़ें: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका




