HomeUncategorizedनया अध्याय: धोनी के खिलाड़ी रूप से कितनी अलग होगी गुरु की...

नया अध्याय: धोनी के खिलाड़ी रूप से कितनी अलग होगी गुरु की जिम्मेदारी – ms dhoni retirement ipl player mentor role csk 2027 ntc rlch


क्रिकेट में कुछ विदाइयां ऐसी होती हैं, जिनके साथ एक युग का अंत हो जाता है. महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेना ऐसी ही एक घटना है. आईपीएल मैचों में अब धोनी पीली जर्सी पहनकर मैदान पर बल्लेबाजी करते, विकेट के पीछे दस्ताने पहने बल्लेबाजों को स्टंप आउट करते या आखिरी ओवरों में मैच का पासा पलटते नहीं दिखाई देंगे. चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें आईपीएल 2027 से टीम मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी है. करीब दो दशक तक आईपीएल की पहचान बने रहे धोनी के लिए यह भूमिका भले ही नई हो, लेकिन उनके व्यक्तित्व को देखते हुए यह बदलाव अस्वाभाविक नहीं लगता. बल्कि ऐसा लगता है कि धोनी के भीतर का मेंटर हमेशा से उनके खिलाड़ी रूप पर हावी रहा है.

धोनी ने 17 नवंबर को आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में विदाई ली. 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से शुरू हुआ उनका सफर अब एक नए पड़ाव पर पहुंच गया है. इस दौरान उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया. 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में उनकी कप्तानी में टीम ने खिताब जीते. इसके अलावा चेन्नई ने उनकी अगुआई में दो बार चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब भी हासिल किया. दस बार टीम का फाइनल तक पहुंचना बताता है कि धोनी की कप्तानी में निरंतरता कितनी असाधारण थी. 

धोनी की उपलब्धियों को केवल ट्रॉफियों और रनों के आंकड़ों से नहीं समझा जा सकता. उनकी सबसे बड़ी खूबी खेल को पढ़ने की क्षमता रही है. मैदान पर कई बार ऐसा लगता था कि बाकी खिलाड़ी जिस स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं, धोनी उसका समाधान पहले ही खोज चुके हैं. कब गेंदबाज बदलना है, किस बल्लेबाज के सामने किस तरह की फील्डिंग सजानी है, किस खिलाड़ी पर भरोसा करना है और कब किसी युवा खिलाड़ी को जिम्मेदारी देनी है, इन फैसलों में उनकी समझ दिखाई देती थी. उनकी कप्तानी की खासियत यह थी कि वे खिलाड़ियों को केवल निर्देश नहीं देते थे, बल्कि उन्हें अपनी गलतियों से सीखने का अवसर भी देते थे.

धोनी के खेल जीवन को बारीकी से देखें तो उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग जितनी महत्वपूर्ण रही, उससे कहीं ज्यादा उनकी रणनीतिक समझ और खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता रही है. उन्होंने टीम में ऐसे खिलाड़ियों को जगह और भरोसा दिया, जो आगे चलकर मैच विजेता बने. रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों की भूमिका को निखारने से लेकर युवा कप्तान रितुराज गायकवाड़ को जिम्मेदारी सौंपने तक उनकी सोच में भविष्य की तैयारी दिखाई देती है. 2022 में कप्तानी छोड़ने के बाद भी वे टीम के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहे. 2024 में उन्होंने कप्तानी पूरी तरह गायकवाड़ को सौंप दी. यानी मेंटर की भूमिका की शुरुआत उनके लिए आज से नहीं, काफी पहले हो चुकी थी.

धोनी का खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेना अचानक लिया गया फैसला भी नहीं है. 2023 में चेन्नई को पांचवां खिताब दिलाने के बाद भी उन्होंने खेलने का फैसला किया. घुटने की सर्जरी के बाद 2024 में वापसी की और सीमित बल्लेबाजी भूमिका में भी अपनी उपयोगिता साबित की. 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 196 रन बनाए. लेकिन 2026 का सीजन उनके लिए मैदान पर उतरने के बिना ही बीत गया. पिंडली की चोट के कारण वे पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहे. 45 वर्ष की उम्र में लगातार चोटों और आईपीएल के शारीरिक दबाव को देखते हुए खिलाड़ी के रूप में उनका आगे न खेलना स्वाभाविक था.

अब सवाल यह है कि मेंटर के रूप में धोनी क्या कर पाएंगे? चेन्नई सुपर किंग्स इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है. टीम को नए खिलाड़ियों के साथ अपनी पुरानी प्रतिस्पर्धात्मक पहचान कायम रखनी है. 2026 का प्रदर्शन भी उसके लिए निराशाजनक रहा. ऐसे में धोनी का अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. वे खिलाड़ियों को दबाव में फैसले लेना सिखा सकते हैं, मैच की परिस्थितियों को समझने में मदद कर सकते हैं और टीम में ऐसी संस्कृति विकसित कर सकते हैं जिसमें हार के बाद भी आत्मविश्वास बना रहे. खासकर उन युवा खिलाड़ियों के लिए उनका साथ मूल्यवान होगा, जिन्होंने धोनी को अब तक केवल टेलीविजन पर खेलते देखा है या जिनके साथ उन्हें खेलने का सीमित अवसर मिला है.

हालांकि मेंटर की भूमिका केवल अनुभव बांटने तक सीमित नहीं होती. इसमें टीम प्रबंधन, मुख्य कोच और कप्तान के साथ तालमेल बनाना भी जरूरी होता है. चेन्नई ने जहीर खान को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी है. ऐसे में धोनी और जहीर के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा भी महत्वपूर्ण होगा. मैदान पर अंतिम फैसले कप्तान और कोचिंग टीम को लेने होंगे, जबकि मेंटर के रूप में धोनी को अपने अनुभव से उनका मार्गदर्शन करना होगा. उनकी सफलता इस बात पर भी निर्भर करेगी कि वे अपने पुराने खिलाड़ी और कप्तान वाले अधिकार को नई व्यवस्था के साथ कितनी सहजता से जोड़ पाते हैं. 

धोनी का जाना आईपीएल के दर्शकों के लिए भी एक भावनात्मक बदलाव है. चेपॉक के मैदान पर पीली जर्सी में उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ने वाली भीड़ अब उन्हें बल्लेबाजी करते नहीं देख पाएगी. हेलीकॉप्टर शॉट, आखिरी ओवरों में छक्के और मैच खत्म होने के बाद शांत भाव से मैदान से लौटने का उनका अंदाज धीरे-धीरे पुराने वीडियो और यादों का हिस्सा बन जाएगा. हालांकि वे चेन्नई के साथ बने रहेंगे, इसलिए प्रशंसकों को उनका मार्गदर्शन और टीम के साथ जुड़ाव देखने का अवसर मिलता रहेगा.

धोनी के सामने अब एक ऐसी चुनौती है, जिसमें उन्हें खुद प्रदर्शन नहीं करना, बल्कि दूसरों से बेहतर प्रदर्शन कराना होगा. खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अपनी प्रतिभा से मैच जिताए, कप्तान के रूप में टीम को खिताब दिलाए और अब मेंटर के रूप में उन्हें अगली पीढ़ी तैयार करनी है. यह काम आसान नहीं है. खिलाड़ी के रूप में सफलता का मूल्यांकन रनों, विकेटों और जीत से होता है, जबकि मेंटर की सफलता का श्रेय अक्सर दूसरे खिलाड़ियों के नाम जाता है. इसके लिए धैर्य, दूरदृष्टि और अपने अनुभव को दूसरों के भीतर उतारने की क्षमता चाहिए.

धोनी ने अपने पूरे करियर में यह साबित किया है कि वे परिस्थितियों के मुताबिक खुद को बदल सकते हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी आईपीएल में बने रहे और अब खिलाड़ी से मेंटर की भूमिका में जा रहे हैं. संभव है कि इस नए रूप में वे ऐसे कीर्तिमान बनाएं, जिनकी चर्चा उनके पांच आईपीएल खिताबों की तरह हो. आखिरकार, महान खिलाड़ी वही नहीं होता जो खुद रिकॉर्ड बनाता है, बल्कि वह भी होता है जो दूसरों को रिकॉर्ड बनाने के काबिल बनाता है. धोनी के करियर का अगला अध्याय इसी कसौटी पर परखा जाएगा. उनका खिलाड़ी रूप भले ही विदा हो गया हो, लेकिन चेन्नई की टीम में उनका प्रभाव अभी लंबे समय तक दिखाई दे सकता है.

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular