Tulsi Care Tips: तुलसी का पौधा लगभग हर घर में देखने को मिल जाता है. लोग इसे आंगन, छत या बालकनी में लगाते हैं. लेकिन मौसम बदलते ही कई बार तुलसी की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे मुरझाने लगता है. खासकर गर्मी से ठंड या बारिश से सर्दी का मौसम आने पर पौधे को नए माहौल के साथ तालमेल बैठाने में थोड़ा समय लगता है.
अगर सही देखभाल न की जाए तो तुलसी का पौधा सूख भी सकता है. ऐसे में अगर आपका भी तुलसी का पौधा सूख रहा है तो, कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इसे फिर से हरा-भरा रखा जा सकता है. आइए जानते हैं कैसे..
पानी देने में न करें जल्दबाजी
मौसम बदलने पर तुलसी के पौधे को पानी देने का तरीका भी बदलना जरूरी है. ठंड के मौसम में मिट्टी जल्दी नहीं सूखती, इसलिए रोज पानी डालने की जरूरत नहीं होती. पहले गमले की मिट्टी को छूकर देखें. अगर ऊपर की मिट्टी सूखी लगे, तभी पानी दें. जरूरत से ज्यादा पानी डालने पर जड़ें सड़ सकती हैं और पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं. वहीं, मिट्टी पूरी तरह सूखी भी नहीं रहनी चाहिए. गमले में पानी निकलने के लिए नीचे छेद जरूर होने चाहिए.
धूप और हवा का रखें ध्यान
तुलसी के पौधे को अच्छी रोशनी और हल्की धूप की जरूरत होती है. मौसम ठंडा होने पर गमले को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की धूप मिल सके. कोशिश करें कि पौधे को रोज कुछ घंटे धूप मिले. हालांकि, तेज ठंडी हवा और पाले से इसे बचाना भी जरूरी है. रात में तापमान बहुत गिरने पर गमले को दीवार के पास या किसी सुरक्षित जगह रख सकते हैं. पौधे को ऐसी जगह न रखें, जहां दिनभर अंधेरा या नमी बनी रहे.
सूखी और पीली पत्तियां हटाते रहें
अगर तुलसी की कुछ पत्तियां पीली पड़ गई हैं या टहनियां सूखने लगी हैं तो उन्हें साफ कर दें. इससे पौधे के खराब हिस्सों पर उसकी ऊर्जा खर्च नहीं होगी और नई पत्तियां निकलने में मदद मिलेगी. सूखी पत्तियों को गमले में जमा न होने दें, क्योंकि इससे कीड़े और फफूंद लगने का खतरा बढ़ सकता है. टहनियों की हल्की छंटाई भी कर सकते हैं, लेकिन एक बार में बहुत ज्यादा हिस्सा न काटें.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में ओस बिगाड़ सकती है सब्जियों का खेल, बुवाई के बाद ऐसे रखें ख्याल
मिट्टी और खाद का भी रखें ख्याल
तुलसी के पौधे की मिट्टी भुरभुरी और पानी निकालने वाली होनी चाहिए. अगर मिट्टी बहुत सख्त हो गई है तो ऊपर की परत को हल्के हाथ से ढीला कर दें, ताकि हवा जड़ों तक पहुंच सके. पौधे में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट थोड़ी मात्रा में डाल सकते हैं.
कीड़ों और बीमारी पर नजर रखें
पत्तियों के नीचे छोटे कीड़े, सफेद धब्बे या चिपचिपापन दिखाई दे तो पौधे को ध्यान से देखें. प्रभावित पत्तियों को हटा दें और पौधे के आसपास सफाई रखें. अगर समस्या बढ़ रही है तो किसी जानकार माली या नजदीकी कृषि सलाहकार से उचित उपाय पूछें. मौसम बदलते समय तुलसी को बहुत ज्यादा छेड़ने या बार-बार जगह बदलने से भी बचें. नियमित देखभाल और सही मात्रा में पानी, धूप मिलने से पौधा धीरे-धीरे संभल सकता है.
यह भी पढ़ें: गेहूं की बुवाई में कौन-सी खाद कितनी डालें? जानें प्रति एकड़ का हिसाब




