हरियाणा के सोनीपत जिले स्थित गोहाना में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज हत्याकांड की जिम्मेदारी कुख्यात रोहित गोदारा गैंग ने ली है. गैंग के शार्प शूटर वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इस वारदात को अंजाम देने का दावा किया है.
सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, ये हत्या साल 2021 में हुई एक पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई है. मृतक प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल ने 2021 में रामपाल बरोदा पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस हमले में बिजेंद्र पहल ने रामपाल के हाथ-पैर तोड़ दिए थे.
शार्प शूटर वीरेंद्र चारण ने अपनी पोस्ट में लिखा कि हमने अपने भाई का बदला लिया है. इसके साथ ही उसने अपने विरोधियों को खुली चेतावनी देते हुए आगे लिखा, ‘हमारे दुश्मन तैयार रहें और अपनी अर्थी का सामान अपने घर की चौखट पर रख लें.’
सोनीपत पुलिस अब इस वायरल पोस्ट की सत्यता और हत्याकांड में इसकी भूमिका को लेकर जांच कर रही है.
—- समाप्त —-




