HomeUncategorizedकालीन से पहचान, कई बार बदला नाम... सियासत में भी रहे बड़े...

कालीन से पहचान, कई बार बदला नाम… सियासत में भी रहे बड़े उलटफेर – Bhadohi Sant Ravidas Nagar name change kalin up election 2027 lclg 


उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में स्थित भदोही की पहचान देश ही नहीं, दुनिया के कई बाजारों तक पहुंचती है. इसकी वजह है यहां के हाथ से बुने जाने वाले कालीन. यही कारण है कि भदोही को ‘कालीनों का शहर’ और ‘कारपेट सिटी’ कहा जाता है. यहां के कारीगरों की मेहनत से तैयार कालीन अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचते हैं. लेकिन भदोही की कहानी सिर्फ कालीन उद्योग तक सीमित नहीं है. गंगा नदी के किनारे बसे इस जिले का इतिहास, सीतामढ़ी का धार्मिक महत्व और लोकसभा-विधानसभा की दिलचस्प सियासत भी इसे खास बनाती है.

1994 में बना जिला, इतिहास में मिलते हैं भार राज के निशान

भदोही को 30 जून 1994 को उत्तर प्रदेश के 65वें जिले के रूप में स्थापित किया गया था. इससे पहले यह वाराणसी जिले का हिस्सा था. जिला प्रशासन के अनुसार, इस क्षेत्र का नाम भार राज से जुड़ा है, जिसने भदोही को अपनी राजधानी बनाया था. यहां भार शासकों के नाम से जुड़े पुराने टीले और तालाब भी मिलते हैं. मुगल काल में अकबर के शासन के दौरान भदोही को दस्तूर बनाया गया और इलाहाबाद सरकार में शामिल किया गया. बाद के दौर में इस क्षेत्र पर मोनास राजपूतों का प्रभाव रहा. जिला प्रशासन के इतिहास संबंधी विवरण में सागर राय और उनके पौत्र जोध राय का भी उल्लेख है. जोध राय को मुगल सम्राट शाहजहां से जमींदारी सनद मिलने की बात दर्ज है. करीब 1750 ईस्वी में भदोही परगना बनारस के राजा बलवंत सिंह के अधीन आया. वर्ष 1911 में यह बनारस रियासत का हिस्सा बना. इस तरह भदोही का इतिहास भार राज, मुगल शासन और बनारस रियासत के अलग-अलग दौर से होकर गुजरता है.

बदला रहा है जिले का नाम  

पिछले करीब 32 साल में जिले का नाम पांचवीं बार बदला है. ऐसे में भदोही का नाम सिर्फ नक्शे पर बदलती पहचान नहीं, बल्कि यूपी की बदलती सियासत का भी आईना रहा है. भदोही को पहली बार 1994 में नया जिला बनाया गया था, उस समय के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश को एक नए जिले की सौगात दी थी. करीब 3 सालों तक भदोही के नाम से पहचान बनाने वाले इस जिले को मायावती ने अपने कार्यकाल में नया नाम दे दिया. 1997 में मायावती ने इसका नाम बदलकर संत रविदास नगर रखा. 1999 में जब बीजेपी की सरकार बनी, तब उस वक्त के मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता ने दोनों नामों को जोड़ते हुए इसे ‘संत रविदास नगर-भदोही’ कर दिया. भदोही के नामकरण का सिलसिला बदलती सरकारों के साथ जारी रहा. 2014 में समाजवादी पार्टी की सरकार में अखिलेश यादव ने संत रविदास नगर हटाकर इसे फिर से भदोही कर दिया और पिछले एक दशक से ज्यादा वक्त से ये जिला इसी नाम के साथ जाना जाता रहा है, लेकिन यूपी विधानसभा चुनाव से पहले 2026 में एक बार फिर इसका नाम बदल दिया गया है.

गंगा, वरुणा और मोर्वा नदियों के बीच बसा जिला

भदोही गंगा नदी के मैदानी क्षेत्र में स्थित है. गंगा जिले की दक्षिण-पश्चिमी सीमा बनाती है. जिला प्रशासन के अनुसार, गंगा, वरुणा और मोर्वा यहां की प्रमुख नदियां हैं. भदोही के उत्तर में जौनपुर, पूर्व में वाराणसी, दक्षिण में मिर्जापुर और पश्चिम में प्रयागराज जिला स्थित है. क्षेत्रफल के लिहाज से यह उत्तर प्रदेश के छोटे जिलों में शामिल है. जिले का कुल क्षेत्रफल 1,015 वर्ग किलोमीटर है. वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक यहां की आबादी 15,78,213 थी. भदोही की भौगोलिक स्थिति इसे वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर जैसे प्रमुख शहरों के बीच महत्वपूर्ण बनाती है. सड़क और रेल मार्ग से जिले का संपर्क आसपास के बड़े शहरों से है.

कालीनों ने भदोही को दी अंतरराष्ट्रीय पहचान

भदोही की सबसे बड़ी पहचान यहां का कालीन उद्योग है. जिला प्रशासन की वेबसाइट इसे भारत का सबसे बड़ा कालीन निर्माण केंद्र बताती है. यहां हाथ से गांठ बांधकर कालीन तैयार करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. जिला प्रशासन के मुताबिक, इस क्षेत्र में कालीन बुनाई का काम 16वीं शताब्दी में अकबर के शासनकाल से जुड़ा बताया जाता है. भदोही और आसपास का मिर्जापुर क्षेत्र हस्तनिर्मित कालीनों के बड़े क्लस्टर के रूप में जाना जाता है. यहां के कारीगर सूती दरी, छपरा मीर, लोरीबाफ्ट और इंडो-गब्बेह जैसे अलग-अलग प्रकार के कालीन बनाते हैं. कालीन उद्योग जिले की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है. बुनकरों, रंगाई करने वालों, डिजाइन तैयार करने वाले कारीगरों, व्यापारियों और निर्यात से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या इस कारोबार पर निर्भर है. उत्तर प्रदेश सरकार की एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना में भदोही के लिए कालीन को प्रमुख उत्पाद के रूप में चुना गया है. इससे जिले की पारंपरिक कारीगरी को सरकारी स्तर पर भी पहचान मिली है. भदोही के कालीनों को भौगोलिक संकेतक (GI) टैग से भी जोड़ा गया है. इसका उद्देश्य इस क्षेत्र की पारंपरिक पहचान और उत्पाद की विशिष्टता को सुरक्षित रखना है. कालीन उद्योग ने भदोही को वैश्विक बाजार में अलग पहचान दिलाई है.

सीतामढ़ी से हरिहरनाथ तक, धार्मिक स्थलों की अलग पहचान

भदोही में कई धार्मिक स्थल हैं, जिनका स्थानीय लोगों के साथ आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी महत्व है. इनमें सबसे प्रमुख नाम सीता समाहित स्थल यानी सीतामढ़ी का है. जिला प्रशासन के अनुसार, सीतामढ़ी गंगा नदी के किनारे स्थित है. इसे जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया है. धार्मिक मान्यताओं में इस स्थान को माता सीता से जुड़ा माना जाता है. यहां बना मंदिर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है. ज्ञानपुर में स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर भी जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में है. यह मंदिर एक तालाब के पश्चिमी घाट पर स्थित है. इसके अलावा बाबा दूधनाथ मंदिर, सेमराधनाथ धाम, चकवा महावीर मंदिर, गोपीगंज का बड़ा शिव मंदिर और बाबा गंगेश्वरनाथ धाम भी जिला प्रशासन की पर्यटन सूची में शामिल हैं. 

भदोही की सियासत: तीन विधानसभा सीटों पर अलग-अलग दलों का प्रभाव

भदोही जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं: भदोही, ज्ञानपुर और औराई.  भदोही सीट से समाजवादी पार्टी के जाहिद, ज्ञानपुर से निषाद पार्टी के विपुल दुबे और औराई से भाजपा के दीनानाथ भास्कर विधायक हैं.

लोकसभा की राजनीति में भी बदलते रहे चेहरे

भदोही लोकसभा सीट का राजनीतिक इतिहास भी कई बदलावों का गवाह रहा है. वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के गोरखनाथ पांडेय यहां से सांसद चुने गए थे. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के वीरेंद्र सिंह ने भदोही सीट से जीत हासिल की.  वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की.

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular