HomeUncategorizedकहीं कार बनी आग का गोला तो कहीं खाई में पलटी बस......

कहीं कार बनी आग का गोला तो कहीं खाई में पलटी बस… दिवाली के बाद यूपी में दर्दनाक सड़क हादसे, 22 की मौत – lucknow muzaffarnagar road accidents after diwali 22 deaths injuries ntc drmt


दीपावली के अगले दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भीषण हादसों का सिलसिला देखने को मिला. राज्य भर में हुए नौ अलग-अलग सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 64 लोग घायल हो गए. इनमें से कई हादसे तड़के सुबह के समय हुए.

मुजफ्फरनगर में सुबह करीब 4:45 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां तितावी थाना क्षेत्र के तितावी-पानीपत-खतीमा हाईवे पर जगाहड़ी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई.

कार में सवार सभी छह लोग जिंदा जल गए. मृतकों की पहचान राहुल (22), अंकित (21), साहिल (22, जो कार चला रहा था), अजय (22), अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है. ये सभी हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले थे और हरिद्वार जा रहे थे.

SSP सूरज कुमार राय के मुताबिक, शुरुआती जांच में कार की रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर का कंट्रोल खोने की आशंका जताई गई है. SP (ग्रामीण) अक्षय संजय ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने शवों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

चित्रकूट और लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे

चित्रकूट के मऊ तहसील के रामनगर के पास तड़के 2:30 बजे मध्य प्रदेश के रीवा जिले के श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली का कपलिंग अचानक निकल गया. इससे गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है.

वहीं, राजधानी लखनऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास सुबह 6 बजे राजस्थान के ब्यावर से बिहार के छपरा जा रही एक बेकाबू बस खाई में पलट गई. हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 41 लोग घायल हो गए. डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि घायलों के उचित इलाज के इंतजाम किए गए हैं.

मृतकों में छपरा निवासी शंकर रजक (63) और शामली राय (43) शामिल हैं, जबकि एक अज्ञात युवक (35) की पहचान की जा रही है.

वहीं, लखनऊ के मानकनगर में देव अस्पताल के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी. इस हादसे में दीपांशु रावत (22) की मौत हो गई और एक किशोर घायल हो गया.

हादसे के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, UPEIDA के सीईओ और UPSRTC के एमडी को पत्र लिखकर एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट लागू करने, ड्राइवरों की लगातार काउंसलिंग और शराब/नशीले पदार्थों की जांच के लिए प्री-एंट्री हेल्थ चेकअप अनिवार्य करने की नीति बनाने की मांग की है.

शाहजहांपुर में ट्रक ने दो लोगों को कुचला

शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर बस से नीचे उतरकर कांच की जांच कर रहे ड्राइवर विपिन यादव (50) और परिचालक कौशल (35) को एक अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

मुजफ्फरनगर और जालौन में भी दर्दनाक सड़क हादसे

मुजफ्फरनगर में संजक गांव के पास यूपी रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें मोनीश (15) की मौत हो गई. वहीं, जालौन के मढ़ौगढ़ थाना क्षेत्र के महोई गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इस हादसे में नृपेंद्र सिंह (32), पार्थ (17) और 4 साल की मानवी की मौत हो गई.

इसके अलावा, सुल्तानपुर में सफारी की टक्कर से बाइक सवार आलोक उपाध्याय (18) की जान चली गई, वहीं देवबंद (सहारनपुर) में बेकाबू कार ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें अश्वनी (32) की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: झारखंड में बड़ा सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को रौंदा, 7 की मौत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन हादसों में हुई जनहानि पर गहरा शोक जताया है. इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को पीड़ितों के परिवारों को हर मुमकिन मदद करने के निर्देश दिए हैं.

—- समाप्त —-



Source link

RELATED ARTICLES

Most Popular